कबीरधाम ब्रेकिंग : अर्धनग्न अवस्था में मिली लाश, रात में टहलने निकले युवा व्यापारी की सुबह झाड़ियों में मिली लाश, हत्‍या की आशंका…

कवर्धा : नवीन बाजार के पीछे गुरु नाले के पास झाड़ियों में शनिवार सुबह एक व्यापारी की लाश मिली है। शरीर पर छिलने और जख्म के निशान पाए गए हैं। शव अर्धनग्न अवस्था में थी। इसके आधार पर उसकी हत्या का शक जताया जा रहा है। पुलिस अभी खुलकर यह स्वीकार नहीं रही है। मृतक की पहचान विनोद कौशिक (38) वार्ड- 26 घोठिया रोड के रूप में की गई है।

मोहल्ले में उसकी कपड़े और खाद-बीज की दुकान है। शुक्रवार रात करीब 10 बजे विनोद घर से पैदल सैर करने निकला था। इस बीच उसकी अपने बेटे से फोन पर बात भी हुई थी। उसने बेटे से कहा था कि वह जल्दी घर लौट रहा है, लेकिन रातभर नहीं आया। इस दौरान परिजन उसे लगातार कॉल कर रहे थे, लेकिन विनोद ने फोन नहीं  उठाया। शनिवार सुबह घर से करीब 500 मीटर की दूर पर नवीन बाजार के पीछे गुरु नाले के पास उसकी अर्धनग्न लाश पाई गई।

फैमिली के साथ किराए के मकान में रहता था

मृतक विनोद कौशिक मूलत: ग्राम मिरमिट्‌टी का रहने वाला है। काफी समय से वह अपने फैमिली के साथ कवर्धा के वार्ड- 26 में घोठिया रोड स्थित किराए के मकान में रह रहा था। फैमिली में पत्नी और 3 बच्चे हैं। मकान से लगा हुआ दो कांप्लेक्स भी किराए पर लिया है। एक कांप्लेक्स में कपड़े की दुकान खोला है, जिसमें उसकी पत्नी बैठती है। दूसरे में कृषि केंद्र खोला है, जिस पर वह खुद बैठता था

मकान से घटनास्थल तक सीसी कैमरे खंगाल रहे 

घोठिया रोड स्थित जिस मकान में मृतक विनोद अपनी फैमिली के साथ किराए के कमरे में रहता था, वहां से घटनास्थल की दूरी महज 500 मीटर दूरी पर है। शुक्रवार रात वह पैदल सैर के लिए निकला था। लिहाजा, पुलिस की एक टीम संभावित रास्तों पर दुकानों व मकानों में लगे सीसी कैमरे की फुटेज खंगालने में लगी है। हालांकि, देर शाम तक कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया था। एएसपी मनीषा ठाकुर का कहना है कि मामले के हर पहलुओं पर जांच की जा रही है।

हत्या का शक : शरीर पर मिले हैं निशान

नवीन बाजार के पीछे गुरु नाला किनारे झाड़ियों में जिस परिस्थिति में व्यापारी की लाश मिली है, उससे हत्या का शक गहराने लगा है। शव अर्धनग्न अवस्था में थी। कमर के नीचे दाएं जांघ पर छिला हुआ है। हाथ व सिर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। जहां पर लाश मिली है, वहां पैदल ही पहुंचा जा सकता है। इसलिए रोड एक्सीडेंट की बात को पुलिस खारिज कर रही है।

शार्ट पीएम रिपोर्ट में शराब सेवन की पुष्टि

शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के मरच्यूरी भेजा गया था। शार्ट पीएम रिपोर्ट में मृतक के पेट में शराब की मात्रा मिली है। वहीं पेट में अनडाइजेस्ट फूड (अनपच भोजन) की मात्रा नहीं मिली है। यानी उसने भोजन भी नहीं किया था। पुलिस की मानें, तो आसपास जान- पहचान वालों से पूछताछ में पता चला है कि नशे की लगत के कारण विनोद अक्सर भोजन नहीं करता था।?

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Below Post Ad