भोले के भक्तों के लिए खुशखबरी, 30 जून से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा...


नई दिल्ली।
भोले के भक्तों के लिए खुशखबरी है, एक बार फिर अमरनाथ यात्रा शुरू होने जा रही है| इस साल अमरनाथ यात्रा की शुरुआत 30 जून से शुरू हो रही है जो 11 अगस्त तक चलेगी। अमरनाथ गुफा के मंदिर में आज पहली पूजा आयोजित की गई। ज्येष्ठ पूर्णिमा पर अमरनाथ की पवित्र गुफा में वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।

इस दौरान बाबा बर्फानी पूरे आकार में विराजमान नजर भी आ रहे हैं। प्रथम पूजा को ही अमरनाथ यात्रा का पारंपरिक शुरुआत माना जाता है। यह यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से संचालित हो इसके लिए भगवान शिव का आशीर्वाद लिया जाता है। गुफा में अमरनाथ श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नितिश्वर कुमार ने अधिकारियों के साथ विधिवत पूजा अर्चना की। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि भगवान शिव के भक्तों के लिए सुरक्षित और परेशानी मुक्त यात्रा बनाने का प्रबंध प्रशासन की ओर से लगातार किया जा रहा है। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार आवाजाही और आवास क्षमता में बढ़ोतरी कर दी गई है।

गौरतलब है कि 2 सालों के बाद अमरनाथ यात्रा इस बार शुरू हो रही है। 2020 और 2021 में कोरोना वायरस महामारी की वजह से यह यात्रा नहीं हो पाई थी। जबकि 2019 में भी अनुच्छेद 370 खत्म होने की वजह से इसे बीच में ही रोक दिया गया था। प्रशासन को इस बात की उम्मीद है कि इस बार अमरनाथ यात्रा में करीब 10 लाख श्रद्धालु शामिल हो सकते हैं। फिलहाल व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यात्रा को सुगम बनाने के लिए प्रशासन के साथ-साथ सुरक्षा बलों के जवान भी जुटे हुए हैं। फिलहाल अमरनाथ यात्रा के लिए एडवांस में पंजीकरण भी किया जा रहा है। इस बार देश दुनिया के भक्तों के लिए वर्चुअल पूजा, वर्चुअल हवन और ऑनलाइन प्रसाद बुकिंग की भी विशेष व्यवस्था की गई है।

 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Below Post Ad