बिलासपुर | मंगलवार को देर रात आ रही तेज रफ्तार में बोलेरो ने ऑटो को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार ऑटो में 10 महिलायें अपने परिजन के घर से छठी कार्यक्रम से लौट रही थी, तभी रास्ते के मोड़ पर बोलेरो ने ऑटो को ठोकर मार दी | ठोकर लगने से ऑटो सड़क पर करीब 10 फीट तक घिसटता चला गया, जिससे ऑटो पे सवार 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई और 8 महिलायें गंभीर रूप से घायल बताई जा रही हैं | हादसे में दो महिला सुनीता मेश्राम (40) और
निरशिय गोंड (39 साल) की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घायल महिलाएं बेसुध पड़ी थीं। कई महिलाएं दर्द से कराह रही थीं। राहगीरों की सूचना पर ग्रामीण भी हादसे की जगह पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस के डायल 112 को सूचना दी। तभी वहां से गुजर रहे कांग्रेस कमेटी के जिला महामंत्री गणेश कश्यप ने अपनी कार में बैठाकर घायल महिलाओं को रतनपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिलाओं को CIMS रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद ग्रामीण सूचना देने के लिए रतनपुर थाना पहुंचे। रात करीब 11.30 बजे थाना सूनसान मिला और पुलिस कर्मी छत पर सो रहे थे। उन्होंने पुलिसकर्मियों को जगाने का प्रयास किया, लेकिन,वे नहीं उठे।उन्होंने कोटा थाने की पुलिस को इस घटना की जानकारी दी।
हादसे में घायल महिलाएं:-
गुलाब बाई (35 साल), अनिता गोंड (30 साल), विमला
गोंड (36 साल), भारती गोंड (26 साल), संतोषी (35 साल), संतोषी की बेटी
दीप्ति (16 साल), मनोज बाई (45 साल)
और सोना बाई गोंड (45 साल) शामिल हैं।