छत्तीसगढ़ में तेन्दूपत्ता संग्रहण का कार्य शुरू,लगभग 13 लाख परिवारों को मिलेगा लाभ

रायपुर|छत्तीसगढ़ में चालू वर्ष 2022 के दौरान तेन्दूपत्ता संग्रहण का कार्य शुरू हो गया है। राज्य में चालू वर्ष के दौरान 17 लाख 32 हजार मानक बोरा तेन्दूपत्ता के संग्रहण का लक्ष्य है। इनमें अब तक एक लाख 75 हजार 400 मानक बोरा तेन्दूपत्ता का संग्रहण हो चुका है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर के मार्गदर्शन में राज्य में तेन्दूपत्ता संग्रहण कार्य के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में वर्ष 2022 में तेन्दूपत्ता संग्रहण दर 4 हजार रूपए प्रति मानक बोरा निर्धारित की गई है।

राज्य में तेन्दूपत्ता संग्रहण कार्य से लगभग 13 लाख आदिवासी-वनवासी संग्राहक परिवारों को सीधा-सीधा लाभ मिलेगा। इस संबंध में वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख राकेश चतुर्वेदी को सभी वन मंडलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।