शासन ने कर्मचारियों को दीपावली के पूर्व वेतन भुगतान करने के दिए निर्देश, शालेय शिक्षाकर्मी संघ ने जताया आभार

प्रदेश के कर्मचारियों को दीपावली के पूर्व वेतन भुगतान हो जाएगा। माह अक्टूबर का वेतन दीपावली त्यौहार को देखते हुए 24 एवं 25 अक्टूबर को भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं। छत्तीसगढ़ शासन के वित्त विभाग ने इस आशय का पत्र जारी कर दिया है। शालेय शिक्षाकर्मी संघ द्वारा इस संबंध में लगातार मांग की जा रही थी।

                            शालेय शिक्षाकर्मी संघ के जिलाध्यक्ष शिवेंद्र चंद्रवंशी व प्रदेश प्रवक्ता गजराज सिंह राजपूत ने बताया कि पत्र में राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ कोषालय संहिता भाग 1 के सहायक नियम 206 (2) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह निर्णय लिया गया है कि माह अक्टूबर 2019 वेतन भत्ते का भुगतान दिनांक 24 एवं 25 अक्टूबर 2019 को किया जाए। ज्ञात हो कि संघ द्वारा लगातार मांग किया जा रहा था कि दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्यौहार को देखते हुए अक्टूबर माह का वेतन दीपावली के पूर्व किया जाए। राज्य शासन ने कर्मचारियों की मांगों को देखते हुए आदेश जारी कर दिया है। शालेय शिक्षाकर्मी संघ के ब्लाक अध्यक्षगण मोहन राजपूत, संजय जायसवाल, राकेश जोशी सहित समस्त सदस्यों ने शासन का आभार जताया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.